देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 के बाद अब प्रदेश की चौथी विधानसभा का विघटन हो चुका है। राज्यपाल की ओर से इसकी अधिसूचना जारी की गई है। अधिसूचना में 14 मार्च 2017 को गठित की गई चौथी विधानसभा को 11 मार्च 2022 से विघटित कर दिया गया है।
वहीं उत्तराखंड की पांचवी विधानसभा के लिए प्रोटेम स्पीकर चुन लिए गए हैं। चयनित हुए विधायकों को शपथ दिलाने के लिए वरिष्ठ विधायक बंशीधर भगत को प्रोटेम स्पीकर बनाया गया है। राजभवन के निर्देश पर विधानसभा सचिवालय की ओर से इस संदर्भ में आदेश किये गए हैं।
गौरतलब है कि, प्रदेश की 5वीं विधानसभा के लिए विगत 14 फरवरी को चुनाव हुए थे। जिसका परिणाम 10 मार्च को आया था। जिनमे भाजपा ने 47 सीटों और कांग्रेस ने 19 व अन्य ने चार सीटों पर जीत दर्ज की है।
प्रोटेम स्पीकर पद की शपथ लेने के बाद अब बंशीधर भगत सभी नव निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। इसके साथ ही उत्तराखंड की नई विधानसभा का गठन हो जाएगा। बता दें कि प्रोटेम स्पीकर ही नए विधायकों को शपथ दिलवाता है।
वहीं, नई सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाए जाने को लेकर राजनीतिक हलकों समेत आमजन के बीच इसकी खासी चर्चा है। नई कैबिनेट में पुराने चेहरों से इतर नए नामों की सूची लंबी होती जा रही है। वहीं अब तक विधानसभा अध्यक्ष के पद पर रहे प्रेमचंद अग्रवाल को नई कैबिनेट में स्थान दिया सकता है। संभावना जताई जा रही है कि, राज्य में नई सरकार का गठन होली के बाद हो सकता है।