देहरादून: चम्पावत विधानसभा सीट से आज भाजपा विधायक कैलाश गहतोड़ी के इस्तीफे के बाद इस सीट से अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उपचुनाव (Uttarakhand By Election) लड़ेंगे। वहीं, कांग्रेस भी उपचुनाव में सीएम धामी को टक्कर देने के लिए तैयार है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन सिंह माहरा ने कहा कि, पार्टी यहां जीतने के इरादे से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस चंपावत में भी खटीमा की ऐतिहासिक जीत को दोहराएगी। बता दें कि, सीएम रहते खटीमा सीट से धामी चुनाव हारे थे।
चम्पावत विधानसभा खटीमा से लगती हुई है। चंपावत के विधायक कैलाश गहतोड़ी के इस्तीफे के बाद अब सीएम इस सीट से चुनाव लड़ेंगे। ऐसे में मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने भी कमर कस ली है। प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि, पार्टी उपचुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और जनता की ताकत बनकर काम करेगी। उन्होंने कहा कि, भाजपा और सरकार किसी मुगालते में न रहे। कांग्रेस उपचुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है और जीतने लिए लड़ेगी। माहरा ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई से जनता परेशान है और भाजपा केवल सामाजिक विद्वेष के काम कर रही है। उन्होंने कहा की पूरी कांग्रेस एकजुट है। सशक्त विपक्ष की तरह कांग्रेस जनता की ताकत बनकर काम करेगी। माहरा ने कहा कि, इस सीट से पूर्व में उम्मीदवार रहे पार्टी के वरिष्ठ नेता हेमेश खर्कवाल से भी बात की जाएगी। आपसी सामंजस्य और एकमत होकर कांग्रेस मजबूती से चुनाव लड़ेगी।
इससे पहले चंपावत से तत्कालीन विधायक कैलाश गहलोत ने सीएम धामी के लिए अपनी सीट से इस्तीफा देने के बाद कहा कि, चंपावत के विकास के लिए मैंने यह कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास नहीं हो पाया है लेकिन, अब सीएम धामी के कदम पड़ेंगे तो क्षेत्र का विकास हो पाएगा।